August 2, 2026

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर संभावित हमले रोकने का एलान किया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर संभावित हमले रोकने का एलान किया है. ट्रंप ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर इसकी जानकारी दी.

इससे पहले समाचार वेबसाइट एक्सियोस की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने ट्रंप से फ़ोन पर बातचीत की थी.

इस दौरान उन्होंने ईरान के ख़िलाफ़ संभावित सैन्य कार्रवाई को लेकर चिंता जताई और दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव को कम करने की अपील की.

अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव को कम करने के लिए क़तर, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), तुर्की और पाकिस्तान भी कूटनीतिक प्रयासों में जुटे हुए थे.

वहीं, डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर किए गए अपने पोस्ट में दावा किया कि ईरान और मध्य-पूर्व के कुछ अन्य देशों की ओर से हमले रोकने का आग्रह किया गया था.

दरअसल, तनाव कम करने की कोशिशों के तहत क़तर के मध्यस्थों ने शनिवार को ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अरागची, ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ और ओमानी अधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें की थीं.

इन बैठकों में होर्मुज़ स्ट्रेट को दोबारा खोलने के लिए संभावित समझौते पर चर्चा हुई.

ट्रंप ने यह भी दावा किया है कि प्रस्तावित समझौते में होर्मुज़ स्ट्रेट को बिना किसी बाधा के खोलने की बात शामिल है.