मुख्यमंत्री श्री चौहान ने संबल योजना के हितग्राहियों के खाते में अंतरित किये 379 करोड़ रूपये
टीकमगढ़ जिले के 184 हितग्राहियों के खाते में 4 करोड़ 14 लाख रूपये अंतरित
टीकमगढ़। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज जन-कल्याण संबल योजना में 16 हजार 844 असंगठित श्रमिक परिवारों के बैंक खाते में 379 करोड़ रूपये सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित किये। इसके अंतर्गत टीकमगढ़ जिले के 184 हितग्राहियों के बैंक खाते में 4 करोड़ 14 लाख रूपये की राशि अंतरित की गई। इसमें जनपद पंचायत टीकमगढ़ के 85, बल्देवगढ़ के 35, पलेरा के 44, नगर पालिका टीकमगढ़ के 17, नगर परिषद बड़ागांव धसान का एक, नगर परिषद जतारा का एक तथा नगर परिषद कारी का एक हितग्राही शामिल हैं। सहायता राशि वितरण का वर्चुअल कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें वीडियो काफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश भर के हितग्राही शामिल हुये।
कार्यक्रम के तहत टीकमगढ़ जिले में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित एनआईसी कक्ष में कलेक्टर श्री सुभाष कुमार द्विवेदी, संबंधित अधिकारी एवं संबल योजना के हितग्राही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। इस अवसर पर कलेक्टर श्री द्विवेदी ने हितग्राही श्रीमती रेखा राजपूत को उनके पति की सामान्य मृत्यु हो जाने पर 2 लाख रूपये तथा श्री रामेश्वर प्रसाद अहिरवार के पुत्र अवध अहिरवार की दुर्घटना में मृत्यु हो जाने पर 4 लाख रूपये का स्वीकृति पत्र प्रदान किया। कार्यक्रम में उप संचालक सामाजिक न्याय श्री आरके पस्तोर, नगर पालिका टीकमगढ़ से उपयंत्री सुश्री असीमा तिर्की, श्रम विभाग से श्री लक्ष्मन अहिरवार, श्रम शाखा प्रभारी अनुराग सिंह घोष सहित संबंधित अधिकारी एवं हितग्राही उपस्थित रहे।
संबल योजना प्रदेश के श्रमिक परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ परिवारों को आधार प्रदान करने वाली योजना है। इस योजना के अन्तर्गत श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों की दुर्घटना मृत्यु पर 4 लाख रूपये की राशि उनके आश्रितों को प्रदान की जाती है। इसी तरह सामान्य मृत्यु तथा स्थायी अपंगता पर श्रमिक परिवारों को दो-दो लाख रूपये की अनुग्रह राशि मुख्यमंत्री जन-कल्याण संबल योजना में दी जाती है। योजना में आंशिक स्थायी अपंगता पर एक लाख रूपये उपलब्ध कराने और अन्त्येष्ठि सहायता के रूप में 5 हजार रूपये दिये जाने का प्रावधान भी हैं।
मुख्यमंत्री जन-कल्याण संबल योजना असंगठित क्षेत्र के गरीब श्रमिक परिवारों के लिए संबल प्रदान करने का कार्य कर रही है। योजना प्रारंभ होने से अब तक प्रदेश के 2 लाख 28 हजार हितग्राहियों को 1907 करोड़ रूपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है। पिछले वित्तीय वर्ष में कोरोना महामारी जैसी विषम परिस्थितियों में भी 72 हजार से अधिक हितग्राहियों के बैंक खाते में 582 करोड़ रूपये के हितलाभ वितरित किये गये थे।
@टीकमगढ़ से राकेश सोनी की रिपोर्ट

More Stories
International Journalists Stand Beside Ailing Sayed Yaseen Mateen of Afghanistan
केशव का साहित्य केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं:डॉ.पाठक
अंतर्राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा दिवस पर देश भर के क्रांतिकारी पत्रकार सम्मानित