भोपाल। सीएम शिवराज सिंह ने बड़े जोरशोर के साथ मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के तहत बने मकानों में पीएम नरेंद्र मोदी और खुद की फोटो वाली टाइल्स लगाने का अभियान चलाया था परंतु हाईकोर्ट में सरकार यह साबित नहीं कर पाई कि ये टाइल्स क्यों जरूरी थे। हाईकोर्ट ने सभी टाइल्स हटाने के आदेश जारी कर दिए हैं।
बता दें कि राज्य में पीएमएवाई योजना के तहत बने सभी घरों में पीएम मोदी और सीएम शिवराज की तस्वीर वाली दो सेरेमिक टाइल्स लगी हैं। जिनमें से एक किचन में प्लेटफार्म के ऊपर सामने की दीवार पर और दूसरी टाइल मकान के मुख्यद्वार के ऊपर लगी है।
टाइल्स के साइज और डिजाइन भी किए गए थे जारी
प्रदेश के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा सभी स्थानीय निकायों को आदेश जारी कर टाइल्स का साइज और डिजाइन भी जारी किया गया था। टाइल्स में सबसे ऊपर ‘सबका सपना-घर हो अपना’ का स्लोगन लिखा है। स्लोगन के साइड में ऊपर प्रदेश सरकार का लोगो और बीजेपी के विचारक दीनदयाल उपाध्याय के चित्र वाला लोगो है। टाइल्स के बीच में एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर और दूसरी तरफ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तस्वीर है और दोनों तस्वीरों के बीच में प्रधानमंत्री आवास योजना लिखा है।
बता दें कि इस साल अप्रैल महीने में प्रदेश के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा सभी स्थानीय निकायों को आदेश जारी कर यह कहा गया था कि पीएमएवाई योजना के तहत बनने वाले सभी मकानों में प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री चौहान की तस्वीर वाली दो टाइल्स (450 गुणा 600 मिलीमीटर) आवश्यक रूप से लगाई जाएं। जारी किए गए इस आदेश में कहा गया कि इससे हितग्राही लोगों को मालूम हो सकेगा कि किसी योजना के तहत इस मकान का निर्माण किया गया है।

More Stories
International Journalists Stand Beside Ailing Sayed Yaseen Mateen of Afghanistan
केशव का साहित्य केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं:डॉ.पाठक
अंतर्राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा दिवस पर देश भर के क्रांतिकारी पत्रकार सम्मानित