- बड़वानी। सैयद रिजवान अली।
जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त श्री जी.एस. डामोर द्वारा आज जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने शासकीय कन्या हाई स्कूल बड़वानी, पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल बड़वानी एवं शासकीय हाई स्कूल क्रमांक-1 बड़वानी का भ्रमण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।
छात्राओं से संवाद एवं करियर मार्गदर्शन
शासकीय कन्या हाई स्कूल में निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त श्री डामोर ने छात्राओं से प्रत्यक्ष संवाद किया। उन्होंने आगामी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए बताया कि लक्ष्य निर्धारित कर अध्ययन करने, नियमित अभ्यास और समय प्रबंधन से बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। साथ ही उन्होंने छात्राओं को भविष्य की संभावनाओं एवं करियर विकल्पों के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया, जिस पर छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कक्षा कार्य का अवलोकन एवं शैक्षणिक सलाह
इसके पश्चात सहायक आयुक्त महोदय पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल बड़वानी एवं शासकीय हाई स्कूल क्रमांक-1 बड़वानी पहुंचे। यहाँ उन्होंने प्राथमिक एवं माध्यमिक कक्षाओं का निरीक्षण करते हुए विद्यार्थियों के कक्षा कार्य का अवलोकन किया। श्री डामोर ने विद्यार्थियों को विषयों की गहराई से समझ विकसित करने तथा पढ़ाई की सूक्ष्म बारीकियों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की शंकाओं का तत्काल समाधान किया जाए, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ परीक्षाओं की तैयारी कर सकें।
निरीक्षण के अवसर पर विद्यालयों का स्टाफ एवं विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। सहायक आयुक्त के प्रेरणादायी संवाद एवं मार्गदर्शन से विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा देखने को मिली।







