थाईलैंड की 7 लड़कियों में से 4 जेंडर चेंज कराकर लड़की बनी

पासपोर्ट में 4 लड़कियों का जेंडर मेल लिखा हुआ है

सेक्स स्कैंडल में पकड़ी गईं 10 में से 3 लड़कियां कोविड पॉजिटिव

इंदौर में सेक्स स्कैंडल में पकड़ी गईं 10 में से 3 लड़कियां कोविड पॉजिटिव आई हैं। एक कस्टमर भी संक्रमित मिला है। चौंकाने वाली बात तो यह भी है कि पकड़ी गईं थाईलैंड की 7 लड़कियों में से 4 जेंडर चेंज कराकर लड़की बनी हैं। पहले वे मेल थीं। लड़कियों से जब्त पासपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। पासपोर्ट में 4 लड़कियों का जेंडर मेल लिखा हुआ है।

विजय नगर इलाके के एटम स्पा सेंटर में गुरुवार रात पुलिस ने रेड कर स्कैंडल पकड़ा था। 10 लड़कियों (इनमें 7 थाईलैंड की हैं) के साथ पकड़े गए 8 कस्टमर्स में 3 खंडवा के खालवा मंडल के भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी हैं। हरसूद विधानसभा क्षेत्र के यह नेता प्रदेश सरकार में वन मंत्री विजय शाह के करीबी भी हैं। तीनों मसाज कराने एटम स्पा गए थे, इस दौरान छापा पड़ गया। पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया।
महिला थाना प्रभारी ज्योति शर्मा ने बताया कि जांच में तीन युवतियां और युवक पॉजिटिव आए हैं। महिला थाने को सैनिटाइज कराया गया है। स्टाफ की जांच करवाई गई। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। क्राइम ब्रांच के सभी जवानों का भी कोरोना टेस्ट हुआ है। रिपोर्ट आना बाकी है।

देह व्यापार के लिए लड़के से बने लड़की

पूछताछ में थाईलैंड की चार लड़कियों ने बताया कि वे पहले लड़के थे। देह व्यापार के लिए जेंडर चेंज कराया था। पुलिस के मुताबिक, चारों ने थाईलैंड में ही जेंडर चेंज कराया। उनके पासपोर्ट में नाम के साथ जेंडर मेल लिखा हुआ है। भारत आने के बाद ये देह व्यापार में लिप्त हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को सभी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया था।

भोपाल से जुड़ा कनेक्शन

पुलिस ने स्पा सेंटर के मैनेजर संजय को रिमांड पर लिया हुआ है। अब पुलिस कड़ियां जोड़कर इसमें सभी की भूमिका की जांच कर रही है। इंदौर पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र ने कार्रवाई कर स्पा को सील करने के आदेश दिए हैं। इस स्पा की फ्रेंचाइजी को 4 महीने पहले ही भोपाल की दो महिलाओं से लिया बताया जा रहा है। इन दोनों महिलाओं की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है।