मोहनिया टनल मध्यप्रदेश की सबसे लंबी सुरंग का का लोकार्पण -कुल लम्बाई 2280 मीटर है, जो 6 लेन की,1004 करोड़ रुपए की लागत से बनी

रीवा। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को मध्यप्रदेश की सबसे लंबी सुरंग का लोकार्पण किया। रीवा जिले में 1004 करोड़ रुपए की लागत से बनी मोहनिया टनल के लोकार्पण के मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहे। ये टनल झांसी (उत्तरप्रदेश) को रांची (झारखंड) से जोड़ने वाले नेशनल हाईवे-39 पर बनी है।लोकार्पण का मुख्य कार्यक्रम सीधी छोर पर हुआ। केंद्रीय मंत्री गडकरी फोरलेन चोरहटा बायपास से आते हुए मोहनिया टनल पहुंचे। यहां उन्होंने 100 फीट का तिरंगा फहराया। फिर बदवार सोलर प्लांट के करीब बने मंच से आमसभा करते हुए 2400 करोड़ के कामों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इसके बाद फिल्म के माध्यम से इन योजनाओं की उपयोगिता बताई गई।

 

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि मोहनिया टनल भारत की अनूठी सुरंग है। जिसमें सबसे नीचे टनल, फिर बाणसागर की नहर और सबसे ऊपर पुराना सड़क मार्ग है। ये ऑप्टिकल फाइबर युक्त टनल है। जिसमें प्रत्येक 300 मीटर के बाद एक टनल से दूसरे टनल में जाने के लिए रास्ता है।

 

सीएम बोले- धर्मिक परिक्रमा पथ तैयार होगा

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने गुढ़ और गोविंदगढ़ के लिए 10 करोड़ रुपए मंजूर किए। उन्होंने कहा- मैं चाहता हूं कि अमरकंटक से लेकर गुजरात की सीमा तक नर्मदा परिक्रमा पथ पर धार्मिक परिक्रमा पथ तैयार किया जाए। प्रदेश सरकार परिक्रमा करने वालों के रहने की व्यवस्था कर देगी। धार्मिक आस्थाओं से भरा नर्मदा परिक्रमा पथ बन जाएगा।

 

इन 7 सड़कों का भूमिपूजन किया

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने 2443.89 करोड़ के लागत से बनी 7 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। इसमें 2323.89 करोड़ की लागत वाली 5 सड़कें हाईवे की हैं। NHAI द्वारा निर्मित चुरहट बायपास से टनल तक 4 लेन सड़क का निर्माण शामिल हैं। इसकी लागत 1600 करोड़ रुपए और लंबाई 15.35 KM है। समारोह में लोक निर्माण विभाग द्वारा 144.89 करोड़ रुपए की लागत से रीवा में निर्मित 11.46 किलोमीटर की सीसी रोड का लोकार्पण भी किया गया। केंद्रीय मंत्री ने कार्यक्रम में सतना-बेला फोरलेन सड़क का भी लोकार्पण किया। इसकी लागत 471 करोड़ रुपए है। लंबाई 47 किलोमीटर है।

 

सज्जनपुर से छिबौरा, गाजन, 2 लेन सड़क का लोकार्पण भी

सतना जिले में सज्जनपुर-छिबौरा-गाजन 2 लेन सड़क का भी लोकार्पण किया। इसकी लंबाई 22 KM और लागत 34 करोड़ रुपए है। 74 करोड़ की लागत से निर्मित गाजन, मगरवार, इटौर, खम्हरिया, गोरैया तक 2 लेन 47 किलोमीटर का भी लोकार्पण किया। लोक निर्माण विभाग द्वारा 33 करोड़ की लागत से 17 किलोमीटर लंबाई की देवतालाब-नईगढ़ी सड़क के उन्नयन कार्य का भूमिपूजन किया गया। समारोह में लोक निर्माण विभाग द्वारा 87 करोड़ रुपए की लागत से स्वीकृत शहडोल जिले के ब्यौहारी से न्यू सपटा ग्राम तक 45 किलोमीटर लंबाई की सड़क का भी उन्नयन कार्य का भी भूमिपूजन किया गया।