भारतीय संस्कृति को दूषित करता ओपन मैरिज ट्रेंड !
भारतीय संस्कृति का महत्व हमारे जीवन में बहुत गहरा और व्यापक है। यह न केवल हमारी परंपराओं, मान्यताओं, और रीति-रिवाजों को दर्शाती है, बल्कि यह सामाजिक, धार्मिक, और ऐतिहासिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है। परन्तु जैसे-जैसे हमारी सामाजिक, धार्मिक, मान्यताओं एवं संस्कृति पर आधुनिकता का ग्रहण लगता गया, हमारी मान्यताएं बदलना शुरू हो गई हैं।
विवाह जन्मों-जन्मों का बंधन होता है जिसे दो लोग जीवन भर निभाते हैं। हालांकि बदलते समय के साथ ही रिश्ते में कई तरह के बदलाव होने लगे हैं। बदलते समय के साथ ही रिलेशनशिप से जुड़े कई ट्रेंड सामने आने लगे हैं।
हमारी भारतीय संस्कृति में विवाह शब्द और उसके महत्व को नकारा नहीं जा सकता। विवाह का स्वरूप बदला उसके बाद हमारे संस्कार निरंतर बदलते गए और आज विवाह रूपी संस्कार अपना मूल अस्तित्व खो चुका है। भारतीय परिवेश में सबसे पहले आए “लीव इन रिलेशन” नामक कुसंस्कार ने हमारी संस्कृति को दूषित किया और भारतीय जनमानस ने विवाह संस्कार को त्याग कर इस कुसंस्कार के नाम पर समाज को बलि चढ़ा दिया। देश में इस कुसंस्कार को मिले महत्व का इतना असर बढ़ा कि न्यायपालिका ने भी इसको वैधानिकता का चोला पहना दिया और निर्लज्ज लोगों ने इस कुसंस्कार को अपने जीवन में इस कदर शामिल कर लिया कि हमारी भारतीय संस्कृति दूषित हो गई।
“लीव इन रिलेशनशीप” नामक इस कुसंस्कार को परवान चढ़ाने वाले भारतीय जनमानस ने अपनी सुविधा के लिए एक नए संस्कार को जन्म दिया है जिसे ” शुगर डैडी, शुगर बेबी” का नाम दिया गया। इस कुसंस्कृति को बूढ़े अमीर आदमियों ने अपनी एकान्तता को, अपने नीरस जीवन को खुशगवार बनाने के लिए कम उम्र की लड़कियों को अपनी सहपाठी बनाकर उनका दैहिक उपयोग किया और कम उम्र की युवतियों ने धन, ऐश्वर्य की लालसा के लिए बूढ़े, धनवान अकेले पुरुषों को चारा बनाया। इस कुप्रथा ने भी भारतीय संस्कृति को बुरी तरह दूषित किया है।
बदलते समय के साथ ही रिलेशनशिप से जुड़े कई ट्रेंड सामने आने लगे हैं। इन्हीं में से एक है जो इन दिनों भारत (open marriage trend in India) में पॉपुलर हो रहा है। वो है “ओपन मैरिज ट्रेंड”
आमतौर पर शादी समर्पण और भरोसे का रिश्ता माना जाता है, लेकिन इन दिनों शादी से जुड़ा एक नया कॉन्सेप्ट काफी तेजी से पापुलर हो रहा है। हम बात कर रहे हैं ओपन मैरिज की (what is open marriage), जो विदेशों के बाद अब भारत में भी कई कपल्स के बीच पॉपुलर हो रहा है।
ओपन मैरिज आमतौर पर एक ऐसा रिश्ता है, जिसमें एक से ज्यादा पार्टनर्स शामिल होते हैं, ओपन मैरिज का आमतौर पर मतलब यह होता है कि कोई व्यक्ति अपनी शादी के बाहर किसी दूसरे व्यक्ति के साथ रिश्ते में भावनात्मक जुड़ाव के साथ या उसके बिना भी फिजिकल रिलेशन बना सकता है।
ओपन मैरिज का विकल्प चुनने वाले भारतीयों की संख्या, खासकर शहरों में, चौंका देने वाली है। लेकिन इसे सार्वजनिक करने वालों की संख्या काफी कम है। आपको जानकर हैरानी होगी करीब 3 मिलियन यानी 30 लाख भारतीय वर्तमान में ग्लीडेन (Gleeden) ऐप पर एक्टिव हैं।
फिजिकल रिलेशन को जीवन में स्वीकार कर ओपन मैरिज कॉन्सेप्ट को बढ़ावा देने वाले लोग भारतीय संस्कृति को दूषित कर एक नए समाज की अवधारणा को बल दे रहे हैं ऐसा समाज जो विवाह रूपी संस्कार को समूल नष्ट करने पर आमादा है यदि समय रहते इस कुसंस्कार पर आघात नहीं किया तो आने वाला समय हमारी संस्कृति के लिए अभिशाप साबित होगा।
डॉ सैयद खालिद कैस
लेखक/समीक्षक भोपाल