नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पराक्रम दिवस के रूप में मनाई गई
नेताजी ने सीमित संसाधनों में अदम्य साहस दिखाते हुये देश को आजादी के लिये तैयार किया- कलेक्टर

टीकमगढ़, 23 जनवरी 2021। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125 वीं जयंती आज टीकमगढ़ जिले में पराक्रम दिवस के रूप में मनाई गई। जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री सुभाष कुमार द्विवेदी ने संबंधित अधिकारियों के साथ नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान नेताजी सुभाषचन्द्र बोस की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुये उनके अदम्य साहस एवं राष्ट्र के लिये उनकी निःस्वार्थ सेवा का स्मरण किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री सुभाष कुमार द्विवेदी ने कहा कि नेताजी ने सीमित संसाधनों में अदम्य साहस दिखाते हुये देश को आजादी के लिये तैयार किया। उनके इस पराक्रम को हम सभी श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं। नेता जी ने आजादी के लिए तुम मुझे खून दो मैं तुम्हें आजादी दूंगा का नारा दिया था। देश 15 अगस्त 1947 को आजाद हो गया। देश की आजादी के बाद आत्म निर्भर भारत की आवश्यकता है जिसके लिए सामाजिक समरसता अपनाकर देश के प्रत्येक व्यक्ति को सहभागी बनने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अंग्रेज देश को गुलाम बनाये रखना चाहते थे। नेता जी ने देश की आजादी के लिए जो कुर्बानी दी उसका लोहा पूरा विश्व मानता है। उन्होंने पूरी दुनिया में अपने विशाल व्यक्तित्व की छाप छोड़ी। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने भी नेता जी के व्यकितत्व एवं कृतित्व पर अपने विचार व्यक्त किए।


इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री आईजे खलको, सहायक कलेक्टर श्री हिमांशु प्रजापति, संयुक्त कलेक्टर श्री सीपी पटेल, डिप्टी कलेक्टर श्री विकास आनंद, डाॅ. अभिजीत सिंह, श्री हर्षल चौधरी, नेहरू युवा केन्द्र के जिला समन्वयक श्री तन्मय आचार्य, प्रो. अजीत जैन सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
टीकमगढ़ से राकेश सोनी की रिपोर्ट